जालंधर में छिंज मेले में चली गोलियां, दो गिरफ्तार, पूर्व महिला सरपंच थी मेले की आयोजक
जालंधर में आदमपुर के पास पतारा में गुरुवार के दिन छिंज मेले का आयोजन किया गया था। इस छिंज मेले में माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब मेले में गोलियां चल पड़ीं। दरअसल मेले में आयोजकों का एक संगठन के साथ विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि संगठन के साथ आए कुछ शरारती तत्वों ने अपनी राइफल से फायरिंग कर दी। वहीं पुलिस ने मुस्तैदी बरतते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। इनमें सुदागर सिंह और हरजोत सिंह निवासी गांव कपूर, पतारा शामिल हैं। वहीं इनके अलावा चार संदिग्ध अमनदीप सिंह उर्फ अमना, अमनदीप सिंह, हरजोत सिंह, अकालजोत सिंह और राजवीर सिंह निवासी जालंधर को केस में नामजद किया गया है।

वहीं पुलिस ने जब इन लोगों को गिरफ्तार किया तो इनसे अत्याधुनिक हथियार भी बरामद हुए हैं। एसएसपी हरकमल प्रीत सिंह खख ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जांच के बाद दो निहंगों को भी गिरफ्तार किया गया है। जिनसे पुलिस ने एक .315 बोर राइफल, एक .32 बोर रिवॉल्वर और एक एयर गन सहित कई लाइसेंसी आग्नेयास्त्र बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों से कुछ धारदार हथियार और एक कार भी बरामद की गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 109, 125, 190 और 191(3) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को पुलिस कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
मौका-ए-वारदात से आरोपी फरार हो गए थे। वहीं डीएसपी आदमपुर और थाना पतारा की पुलिस मौके पर घटना की जांच के लिए भी पहुंची थी। मौके से फायरिंग का वीडियो भी सामने आया है। आपको बता दें कि फायरिंग की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
आपको बता दें कि पतारा के गांव कंगनीवाल में हुए इस छिंज मेले में आयोजक इसी गांव की पूर्व सरपंच हरजीत कौर थी। इस मेले में शामिल होने के लिए अलग-अलग संगठन भी पहुंचे थे। इसी दौरान इन्हीं संगठनों में से एक के साथ किसी बात को लेकर आयोजकों और उस संगठन में बहस हो गई और बातों ही बातों में बहस ने विवाद का रूप ले लिया और देखते ही देखते संगठन के साथ आए व्यक्ति ने अपनी राइफल से गोलियां चलानी शुरू कर दी। हालांकि गोलियां चलाने के बाद आरोपी मौके से भाग खड़े हुए। लेकिन मामले की जानकारी पुलिस को दी गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।